साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े 9 म्यूल खाताधारकों पर दुर्ग पुलिस की कार्रवाई, 349 खाताधारक व एजेंट गिरफ्तार
भिलाईनगर। चंद हजार रुपये के कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराना नौ लोगों को भारी पड़ गया। दुर्ग पुलिस ने साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल बैंक खातों के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए नौ खाताधारकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है। थाना भिलाई नगर और एसीसीयू दुर्ग की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों के विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान की। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने 5 हजार से 15 हजार रुपये तक कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और मोबाइल सिम कार्ड दूसरे लोगों को सौंप दिए थे।
पुलिस के अनुसार, इन बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करने और निकालने के लिए किया जा रहा था। इस तरह ठगी की रकम के वास्तविक स्रोत को छिपाने का प्रयास किया जाता था। मामले में थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 522/2026 और 523/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(2), 318(3) और 317(4) में प्रकरण दर्ज किया गया है।
कमीशन के बदले सौंपे बैंकिंग दस्तावेज
विवेचना में पता चला कि आरोपी एजेंटों के माध्यम से आम लोगों से बैंक खाते और उनसे जुड़े दस्तावेज जुटाते थे। इसके बाद बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और मोबाइल सिम साइबर अपराधियों तक पहुंचाए जाते थे। खाताधारकों को इसके बदले 5 हजार से 15 हजार रुपये तक कमीशन दिया जाता था। पुलिस जांच में इन खातों के माध्यम से लाखों रुपये की साइबर ठगी की रकम के लेन-देन की जानकारी सामने आई है।
तकनीकी साक्ष्यों, बैंक खातों के ट्रांजेक्शन और अन्य उपलब्ध जानकारियों के आधार पर 20 नवंबर 2026 को नौ खाताधारकों की पहचान कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने संबंधित बैंकिंग दस्तावेज, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री भी जब्त की है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
अब तक 3,162 बैंक खातों पर कार्रवाई
दुर्ग जिले में म्यूल बैंक खातों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के आंकड़े भी चौंकाने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, अब तक कुल 3,322 बैंक खातों की जांच की गई है। इनमें से 3,162 खातों पर कार्रवाई की जा चुकी है। कार्रवाई के दौरान 1,668 खातों के संबंध में अपराध पंजीबद्ध किए गए, जबकि 618 खातों को जांच के बाद नस्तीबद्ध किया गया है। वहीं 876 खातों पर कार्रवाई अभी शेष है। इस अभियान के तहत अब तक कुल 63 एफआईआर दर्ज की गई हैं। इनमें 349 खाताधारकों एवं एजेंटों के साथ दो बैंक अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया है।
इन नौ लोगों पर हुई कार्रवाई
- टेकेश्वर साहू, उम्र 21 वर्ष, निवासी लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल के पीछे, कांट्रेक्टर कॉलोनी, थाना सुपेला, जिला दुर्ग।
- रौनक अग्रवाल, उम्र 23 वर्ष, निवासी नेहरू भवन के पास, थाना सुपेला, जिला दुर्ग।
- तीरथ राम ठाकुर, उम्र 33 वर्ष, निवासी खुर्सीडीह, बोरई, थाना दुर्ग, जिला दुर्ग।
- राजीव कुमार, उम्र 23 वर्ष, निवासी मछली मार्केट, थाना खुर्सीपार, जिला दुर्ग।
- प्रदीप कुमार, उम्र 27 वर्ष, निवासी इंदिरा कॉलेज के पास, वैशाली नगर, थाना वैशाली नगर, जिला दुर्ग।
- इन्द्रजीत सिंह, उम्र 23 वर्ष, निवासी गुरुनानक नगर, रामनगर गुरुद्वारा के पास, थाना वैशाली नगर, जिला दुर्ग।
- नीलेश चक्रधारी, उम्र 23 वर्ष, निवासी सुभाष नगर, नंदिनी रोड, थाना छावनी, जिला दुर्ग।
- परमजीत सिंह, उम्र 55 वर्ष, निवासी खंडा चौक, छोटा नालंदा स्कूल के पास, हाउसिंग बोर्ड, थाना जामुल, जिला दुर्ग।
- गुरमेल सिंह, उम्र 36 वर्ष, निवासी सुभाष चौक, कैंप-01, थाना वैशाली नगर, जिला दुर्ग।
बैंकिंग दस्तावेज और मोबाइल फोन जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, मोबाइल सिम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधियों तक ठगी की रकम पहुंचाने में म्यूल बैंक खाते अहम भूमिका निभाते हैं। इसी वजह से ऐसे खातों और उन्हें उपलब्ध कराने वाले लोगों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है।