हरेली रैली देखने पहुंचे युवकों से मारपीट, धारदार हथियार लहराकर दी जान से मारने की धमकी
जामुल पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार; धारदार हथियार और लकड़ी का डंडा जब्त

भिलाई। हरेली रैली देखने पहुंचे युवकों के साथ मारपीट और धारदार हथियार लहराकर जान से मारने की धमकी देने के मामले में जामुल पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक धारदार लोहे का हथियार और लकड़ी का डंडा भी बरामद किया है।
बीच-बचाव करने पर प्रार्थी से भी मारपीट
पुलिस के अनुसार 22 अगस्त 2026 की शाम करीब 6 बजे साहिल साहू अपने दोस्त शुभम पाठक, वासु निषाद और तनु निषाद के साथ शंकर नगर के पास छावनी में हरेली की रैली देखने पहुंचा था। इसी दौरान श्रमिक नगर निवासी रितेश कश्यप, राहुल, समीर और अन्य लोगों द्वारा शुभम के साथ मारपीट की जा रही थी।
साहिल ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट और गाली-गलौज शुरू कर दी। प्रार्थी की मां और बहन ने भी विवाद शांत कराने का प्रयास किया।
हथियार लहराकर धमकाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक इसी दौरान आरोपी रितेश कश्यप ने धारदार हथियार निकालकर लहराया और साहिल को जान से मारने की धमकी दी। मारपीट में साहिल को चोट भी आई। घटना की शिकायत मिलने के बाद जामुल पुलिस ने अपराध क्रमांक 599/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। मामले में धारा 296, 351(3), 115(2), 3(5) बीएनएस और धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया।
तीनों आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने आरोपियों की पतासाजी शुरू की और संभावित ठिकानों पर घेराबंदी की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रितेश कश्यप (20), समीर खान (23) और राहुल बेहरा (24) को पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल एक धारदार लोहे का हथियार और एक लकड़ी का डंडा जब्त किया। तीनों को 23 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
1. रितेश कश्यप (20 वर्ष)
निवासी जन कल्याण अस्पताल के पास, कैलाश नगर, भिलाई, थाना जामुल, जिला दुर्ग।
2. समीर खान (23 वर्ष)
निवासी राजीव नगर, गणेश चौक, थाना जामुल, जिला दुर्ग।
3. राहुल बेहरा (24 वर्ष)
निवासी राजीव नगर, ठेठवारा पारा, छावनी, थाना जामुल, जिला दुर्ग।
जब्त हथियार
- 01 धारदार लोहे का हथियार
- 01 लकड़ी का डंडा
घटना स्थल: शंकर नगर के पास, छावनी, थाना जामुल क्षेत्र, जिला दुर्ग।
