कमीशन के लालच में बेच दिया बैंक खाता, साइबर ठगी की रकम खपाने वाले 13 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग पुलिस की छह थानों और एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई, 5 से 15 हजार रुपये तक लेते थे कमीशन; पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम और मोबाइल जब्त

कमीशन के लालच में बेच दिया बैंक खाता, साइबर ठगी की रकम खपाने वाले 13 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। साइबर ठगी के जरिए कमाई गई रकम को बैंक खातों में जमा करने और उसे दूसरे खातों में हस्तांतरित करने के लिए म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया है। दुर्ग पुलिस ने इस मामले में छह थाना क्षेत्रों में संयुक्त कार्रवाई करते हुए 13 आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। जांच में सामने आया कि आरोपी 5 हजार से 15 हजार रुपये तक के कमीशन के लालच में अपने या अन्य व्यक्तियों के बैंक खाते और उनसे जुड़े दस्तावेज दूसरे लोगों को उपलब्ध करा रहे थे।

पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर साइबर अपराधों में इस्तेमाल होने वाले म्यूल बैंक खातों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 21 अक्टूबर को यह कार्रवाई की गई। इसमें थाना नेवई, पुरानी भिलाई, भिलाई भट्ठी, भिलाई नगर, सुपेला और खुर्सीपार पुलिस के साथ एसीसीयू की टीम शामिल रही।

कमीशन के बदले दिए बैंकिंग दस्तावेज

पुलिस के अनुसार, साइबर अपराधी ठगी से प्राप्त रकम को अलग-अलग बैंक खातों में स्थानांतरित कर उसके वास्तविक स्रोत को छिपाने का प्रयास करते हैं। इसके लिए ऐसे बैंक खातों का इस्तेमाल किया जाता है, जिनके खाताधारक कमीशन या अन्य आर्थिक लाभ के लालच में अपने खाते उपलब्ध करा देते हैं।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और मोबाइल सिम कार्ड दूसरे लोगों को उपलब्ध कराए थे। इन बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त रकम के लेन-देन और हस्तांतरण में किए जाने की बात सामने आई है। बैंक खातों के विश्लेषण और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लाखों रुपये से अधिक के संदिग्ध लेन-देन का पता चला। इसके बाद संबंधित खाताधारकों की भूमिका की जांच करते हुए पुलिस ने कार्रवाई की।

छह थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई

पुलिस ने थाना नेवई क्षेत्र से चार, पुरानी भिलाई से तीन, भिलाई भट्ठी से एक, भिलाई नगर से दो, सुपेला से दो और खुर्सीपार क्षेत्र से एक आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की। कुल 13 आरोपियों के विरुद्ध संबंधित अपराधों में वैधानिक कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, मोबाइल सिम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं। पुलिस इन बैंक खातों के माध्यम से हुए लेन-देन और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

आरोपी का नाम

थाना नेवई — 04 आरोपी

- प्रेक्षित कामड़े, उम्र 28 वर्ष, निवासी आजाद चौक, झिरिया पारा, रूआबांधा, थाना भिलाई नगर।

- सत्यवान नायक, उम्र 21 वर्ष, निवासी केएलसी क्वार्टर क्रमांक 36 एफ, खुर्सीपार, थाना खुर्सीपार।

- रैय्या माधव राव, उम्र 48 वर्ष, निवासी बापू नगर, जोन-2, सेक्टर-11, खुर्सीपार, थाना खुर्सीपार।

- रमेश कुमार कुर्रे, उम्र 55 वर्ष, निवासी सड़क-15, बी ब्लॉक, क्वार्टर क्रमांक 7/3, सेक्टर-2, थाना भिलाई भट्ठी।

थाना पुरानी भिलाई — 03 आरोपी

- विनोद कश्यप, उम्र 36 वर्ष, निवासी धौराभाठा, उतई, थाना उतई।

- भावेश उइके, उम्र 27 वर्ष, निवासी प्रियदर्शनी मार्केट, जोन-2, खुर्सीपार, थाना खुर्सीपार।

- ऋषभ यादव, उम्र 22 वर्ष, निवासी तालाब के पास, शीतला मंदिर वार्ड, अहिवारा, थाना नंदिनी।

थाना भिलाई भट्ठी — 01 आरोपी

8. कुलेश्वर ठाकुर, उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम गबदी पारा, थाना पाटन।

थाना भिलाई नगर — 02 आरोपी

- गगनदीप सिंह, उम्र 25 वर्ष, निवासी कैंप-1, प्रगति नगर, छावनी, थाना छावनी।

- अनिश अग्रवाल, उम्र 22 वर्ष, निवासी लिंक रोड, कैंप-2, थाना छावनी।

थाना सुपेला — 02 आरोपी

- आनंद शंकर, उम्र 42 वर्ष, निवासी दुर्गा मंदिर, खुर्सीपार, थाना खुर्सीपार।

- नितिन वालेचा, उम्र 31 वर्ष, निवासी मछली मार्केट, जोन-2, काली मंदिर के पास, खुर्सीपार, थाना खुर्सीपार।

थाना खुर्सीपार — 01 आरोपी

 हिमांशु गोडांने उर्फ कालू, उम्र 31 वर्ष, निवासी सत्यभामा चौक, डीपीसी ग्राउंड, शंकर नगर, दुर्ग, थाना दुर्ग। (इंडियन बैंक का एजेंट)