देश राग में कलाकारों ने बिखेरी प्रतिभा, श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी हुए सम्मानित











भिलाई। नृत्यधाम कला समिति द्वारा आयोजित 21वें ऑल इंडिया फेस्टिवल एंड कॉम्पिटिशन ऑफ आर्ट एंड कल्चर में शास्त्रीय नृत्य की विविध विधाओं का मनमोहक संगम देखने को मिल रहा है। आयोजन के दूसरे दिन रविवार को भी देशभर से आए प्रतिभागियों ने अपनी कला और साधना का शानदार प्रदर्शन किया। मंच पर कुचिपुड़ी, भरतनाट्यम, कथक और मोहिनी अट्टम जैसी शास्त्रीय नृत्य शैलियों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
प्रतिभागियों ने अपनी भाव-भंगिमाओं, लय, ताल और नृत्य कौशल के माध्यम से भारतीय शास्त्रीय नृत्य परंपरा की समृद्धि को प्रस्तुत किया। प्रत्येक प्रस्तुति में कलाकारों की मेहनत, अभ्यास और कला के प्रति समर्पण दिखाई दिया। संचालिका डॉ. राखी रॉय ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया। आयोजन के तहत चार प्रतिभागियों का जयामद्मा अवार्ड के लिए चयन किया गया। इस उपलब्धि ने प्रतिभागियों के उत्साह को और बढ़ाया। कला और संस्कृति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित यह महोत्सव युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और शास्त्रीय नृत्य की विभिन्न विधाओं से जुड़ने का अवसर प्रदान कर रहा है। नृत्यधाम कला समिति का यह आयोजन भारतीय कला और सांस्कृतिक विरासत को मंच देने के साथ ही शास्त्रीय नृत्य की परंपरा को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।