खुद को क्षेत्र का 'दादा' बताकर फैला रहे थे आतंक, तीन फरार आरोपी गिरफ्तार

भिलाई के खुर्सीपार थाना क्षेत्र की देवार बस्ती में धारदार हथियार लेकर दहशत फैलाने वाले तीन फरार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। आरोपी खुद को क्षेत्र का प्रभावशाली व्यक्ति बताकर लोगों में भय का माहौल बना रहे थे।

खुद को क्षेत्र का 'दादा' बताकर फैला रहे थे आतंक, तीन फरार आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। खुर्सीपार थाना क्षेत्र की देवार बस्ती में धारदार हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने और दहशत फैलाने के मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों को खुर्सीपार पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी खुद को क्षेत्र का प्रभावशाली व्यक्ति बताकर आम लोगों में भय और आतंक का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार यह मामला 3 जून 2026 का है। देवार बस्ती, मछली मार्केट क्षेत्र में कुछ लोग धारदार हथियारों के साथ खुलेआम उत्पात मचा रहे थे। सूचना मिलते ही खुर्सीपार पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर अमजद देवार को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि उसके तीन साथी मौके से फरार हो गए थे। घटना के बाद थाना खुर्सीपार में भारतीय न्याय संहिता की धारा 333, 191, 109(1) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी थी।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई तलाश के आधार पर 4 अगस्त को तीनों फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जानवी देवार (20 वर्ष), राजमा देवार (27 वर्ष) और मोनिका उर्फ गुलपसा देवार (27 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी आरोपी मछली मार्केट स्थित देवार बस्ती, खुर्सीपार के निवासी हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी समूह बनाकर धारदार हथियारों के साथ सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचते थे और खुद को क्षेत्र का दबंग बताते हुए लोगों को धमकाते थे। उनके इस व्यवहार से इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया था।

पुलिस ने बताया कि घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार पहले ही बरामद किए जा चुके हैं। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है।