भिलाई स्मृतिनगर के इस प्रतिष्ठित मिठाई दुकान में चूहे का मल मिलने पर 50 किलो डोडा बर्फी नष्ट करवाए गए

भिलाई। गुरुवार को खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने स्मृतिनगर स्थित संगम डेयरी एंड स्वीट्स का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकान में रखी करीब 50 किलो डोडा बर्फी को नष्ट कराया गया। जांच में बर्फी के ऊपर चूहे का मल फैला हुआ पाया गया था। खाद्य पदार्थों के इस तरह दूषित होने से उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा पैदा हो सकता था। अभिहित अधिकारी जितेन्द्र नेले के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में दूषित मिठाई को मौके पर ही नष्ट कराया गया।
विभाग के अनुसार अब तक कुल 50 खाद्य सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा चुके हैं। इनकी रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि बुधवार को भी विभाग ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों से करीब 115 किलो मिठाई नष्ट कराई थी। लगातार हो रही कार्रवाई से साफ है कि त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर विभाग किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है।