सुपेला में हेरोइन का बड़ा खेल बेनकाब: चिट्टा बेचने की तैयारी में दो तस्कर गिरफ्तार, 9.94 लाख की संपत्ति जब्त
ग्राहकों की तलाश में कार से पहुंचे थे आरोपी, 8.85 ग्राम हेरोइन, दो मोबाइल और कार जब्त, एनडीपीएस एक्ट में भेजे गए जेल

भिलाई। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। सुपेला थाना पुलिस ने प्रतिबंधित मादक पदार्थ हेरोइन (चिट्टा) की बिक्री की तैयारी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 8.85 ग्राम हेरोइन, दो मोबाइल फोन और एक कार समेत करीब 9 लाख 94 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के मुताबिक 18 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लाल रंग की एक कार में सवार दो युवक कोसानगर गांधी नगर क्षेत्र में हेरोइन बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी मोहम्मद इम्तियात उर्फ सरफराज (27 वर्ष) के कब्जे से 2.65 ग्राम हेरोइन, एक रियलमी मोबाइल फोन तथा आरोपी मोहम्मद फैजान (27 वर्ष) के कब्जे से 6.20 ग्राम हेरोइन, एक मोटोरोला मोबाइल फोन बरामद किया गया। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त कार क्रमांक CG 07 CV 3587 भी जब्त की गई।
पुलिस ने बताया कि जब्त हेरोइन का कुल वजन 8.85 ग्राम है। दो मोबाइल फोन और कार सहित जब्त सामग्री का कुल मूल्य लगभग ₹9.94 लाख आंका गया है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1018/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के अंतर्गत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
आरोपी का नाम :
1. मोह. इम्तियात उर्फ सरफराज, उम्र 27 वर्ष, निवासी पिलिया गली, शिव मंदिर के पास, केलाबाड़ी, थाना पदमनाभपुर, जिला दुर्ग।
2. मोह. फैजान, उम्र 27 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 08, श्री सुंदरम के पास, तकियापारा, थाना दुर्ग, जिला दुर्ग।
