बड़ी वारदात टली: ATM काटकर लूट की तैयारी में आरोपी गिरफ्तार, यूट्यूब से सीखी थी तकनीक

कवर्धा। कबीरधाम जिले में पुलिस की सतर्कता से एक बड़ी चोरी की वारदात होने से पहले ही टल गई। लोहारा थाना क्षेत्र में एटीएम मशीन काटकर लाखों रुपये लूटने की तैयारी कर रहे आरोपी को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी नंदलाल साहू (30 वर्ष) पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम को निशाना बनाकर गैस कटर से काटने की योजना बना रहा था। इसी दौरान गश्त कर रही पुलिस टीम को वह संदिग्ध हालत में एटीएम के पास दिखाई दिया। तुरंत घेराबंदी कर उसे मौके से पकड़ लिया गया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से गैस कटर मशीन, गैस और ऑक्सीजन सिलेंडर, लोहे का सब्बल, नकाब, रेनकोट, कंबल और वारदात में इस्तेमाल की जा रही बाइक बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कर्ज में डूबा हुआ था और उसने यूट्यूब वीडियो देखकर एटीएम काटने की तकनीक सीखी थी। इसके बाद उसने पूरी तैयारी के साथ इस वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई।

चौंकाने वाली बात यह भी सामने आई कि आरोपी पहले भी सहसपुर लोहारा, बिडोरा चौक, शांतिनगर और छुईखदान क्षेत्र के एटीएम में चोरी की कोशिश कर चुका था, लेकिन हर बार असफल रहा। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर क्षेत्र में पहले से ही एटीएम की नियमित जांच और रात्रि गश्त बढ़ाई गई थी। इसी सतर्कता का नतीजा रहा कि यह बड़ी वारदात समय रहते नाकाम कर दी गई। पुलिस ने आरोपी से घटनास्थल पर सीन रीक्रिएट करवा कर पूरी योजना और उपकरणों के इस्तेमाल की जानकारी ली है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
