हथियार लहराकर फैला रहा था दहशत, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

संजय नगर तालाब के पास राहगीरों को डरा-धमका रहा था युवक, 9 इंच का बटनदार चाकू बरामद, आर्म्स एक्ट में भेजा गया जेल

हथियार लहराकर फैला रहा था दहशत, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले युवक को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से करीब 9 इंच लंबा स्टील का बटनदार धारदार हथियार बरामद किया गया है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि संजय नगर तालाब के पास एक युवक धारदार हथियार लहराकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुनील अक्षरी (23 वर्ष) निवासी शीतला तालाब के पास, सुपेला बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से लगभग 9 इंच लंबा स्टील का बटनदार धारदार हथियार बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1117/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 में मामला दर्ज किया। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।