ई-बस संचालन के मार्गों पर आयुक्त ने मिनी बस मालिक संघ से की चर्चा
दुर्ग-जालबांधा, पावर हाउस-पाटन सहित नए मार्गों के प्रस्ताव मिले, यात्रियों की सुविधा के अनुसार मार्गों का होगा पुनर्निर्धारण

भिलाई। शहर और आसपास के क्षेत्रों में ई-बस संचालन को अधिक सुविधाजनक एवं जनोपयोगी बनाने के लिए नगर पालिक निगम भिलाई की आयुक्त सुरुचि सिंह ने मिनी बस मालिक संघ के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर प्रस्तावित मार्गों पर चर्चा की। बैठक में पूर्व में चयनित ई-बस मार्गों की समीक्षा के साथ नए मार्गों के प्रस्ताव भी सामने आए।
21 नवंबर 2026 को आयोजित बैठक में सोसाइटी द्वारा पूर्व में चयनित ई-बस मार्गों पर विचार-विमर्श किया गया। मार्गों की दूरी कम करने, आवश्यकतानुसार बसों की संख्या में कमी करने तथा यात्रियों की जरूरत के अनुसार मार्गों को अधिक व्यावहारिक बनाने के सुझाव दिए गए। मिनी बस मालिक संघ के प्रतिनिधियों ने दुर्ग से जालबांधा, पावर हाउस से पाटन, दुर्ग से भिंभौरी तथा भिलाई के इंडस्ट्रियल एरिया में ई-बस संचालन शुरू करने का प्रस्ताव रखा। इन मार्गों पर ई-बस सेवा शुरू होने से यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलने की संभावना है। आयुक्त सुरुचि सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ई-बस संचालन के लिए पहले से चयनित सभी मार्गों का पुनः स्थल निरीक्षण किया जाए। मार्गों की लंबाई, यात्रियों की संभावित संख्या और बसों की आवश्यकता का आकलन कर संशोधित मार्ग सूची तैयार करने को कहा गया। उन्होंने कहा कि ई-बसों का संचालन इस तरह निर्धारित किया जाए, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिले और परिवहन व्यवस्था अधिक प्रभावी, सुविधाजनक एवं जनहितकारी बन सके।