रायपुर से नागपुर कत्लखाने ले जा रहे 16 मवेशियों से भरा आयशर वाहन पुलिस ने पकड़ा, दो गिरफ्तार

दुर्ग। रायपुर से नागपुर स्थित कत्लखाने ले जाए जा रहे 16 मवेशियों से भरे आयशर वाहन को कुम्हारी पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने वाहन चालक और परिचालक को गिरफ्तार कर मवेशियों सहित परिवहन में प्रयुक्त आयशर वाहन जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 3 लाख 90 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रायपुर की ओर से एक आयशर वाहन क्रमांक KA 07 V 3345 में मवेशियों को भरकर नागपुर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर कुम्हारी पुलिस टीम ने साईं मंदिर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की।
जांच के दौरान वाहन में 12 गाय और 4 बछड़े, कुल 16 मवेशी ठूंस-ठूंसकर और अमानवीय तरीके से भरे हुए मिले। मवेशियों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज चालक और परिचालक प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस ने वाहन चालक अकबर पाशा (33 वर्ष) निवासी काकिया मोहल्ला, सेकंड कास, कोलार, कर्नाटक तथा परिचालक तबरेज पाशा (37 वर्ष) निवासी बीडी कॉलोनी, कास, जिला कोलार, कर्नाटक को गिरफ्तार किया।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना कुम्हारी में अपराध क्रमांक 389/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 6 एवं 10, पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1) तथा मोटरयान अधिनियम की धारा 66/192 के तहत कार्रवाई की गई। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।