वियतनाम में बड़ा हादसा: भारतीय पर्यटकों की स्पीडबोट पलटी, 15 की मौत; दूतावास ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

वियतनाम में बड़ा हादसा: भारतीय पर्यटकों की स्पीडबोट पलटी, 15 की मौत; दूतावास ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

नई दिल्ली/हनोई। वियतनाम के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल फु क्वोक  द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक स्पीडबोट पलटने से बड़ा हादसा हो गया। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य को बचाने के लिए राहत एवं बचाव अभियान जारी है।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब एक बजे ओशन पीयर आइलैंड कंपनी की स्पीडबोट होन मे रट से पर्यटकों को लेकर एन थॉई पोर्ट जा रही थी। इसी दौरान फु क्वोक हवाई अड्डे से करीब 25 किलोमीटर दूर होन मे रट नगोआई के पास समुद्र में नाव पलट गई, जिससे सभी यात्री पानी में गिर गए।

स्थानीय प्रशासन और आसपास मौजूद अन्य पर्यटक नौकाओं ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। हालांकि तेज लहरों और कुछ यात्रियों के नाव के अंदर फंस जाने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी मुश्किलें आईं। कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। अधिकारियों ने बताया कि नाव में सवार यात्रियों की कुल संख्या और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

हादसे के बाद हनोई स्थित भारतीय दूतावास और हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं। भारतीय नागरिक किसी भी जानकारी या सहायता के लिए इन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:

+84 362817930

+84 915523714

+84 334520414

+84 913089165 (हनोई)

फु क्वोक वियतनाम का सबसे बड़ा द्वीप और प्रमुख पर्यटन केंद्र है। इस वर्ष के पहले छह महीनों में यहां 57 लाख से अधिक पर्यटक पहुंचे हैं, जिनमें 13.2 लाख विदेशी पर्यटक शामिल हैं। पिछले वर्ष की तुलना में विदेशी पर्यटकों की संख्या में लगभग 50 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।