बीएसपी के जोरातराई गेट के पास कर्मचारी की मौत, साइकिल के साथ सड़क किनारे मिला शव

एफएसएनएल की सिक्योरिटी एजेंसी में कार्यरत 33 वर्षीय चूड़ामणि की मौत का कारण स्पष्ट नहीं, पोस्टमार्टम के बाद होगा खुलासा

बीएसपी के जोरातराई गेट के पास कर्मचारी की मौत, साइकिल के साथ सड़क किनारे मिला शव

भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) परिसर में जोरातराई गेट के समीप मंगलवार दोपहर एक कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। कर्मचारी सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ा मिला था। उसे तत्काल एंबुलेंस से मेन मेडिकल पोस्ट ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 33 वर्षीय चूड़ामणि के रूप में हुई है, जो एफएसएनएल की सिक्योरिटी एजेंसी के अधीन कार्यरत था। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।

साइकिल से घर लौटते समय हुई घटना

जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब पौने दो बजे चूड़ामणि साइकिल से घर की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि जोरातराई गेट से बाहर निकलने से पहले ही वह सड़क किनारे अचेत अवस्था में गिरा मिला। उसके पास ही साइकिल भी पड़ी थी। वहां से गुजर रहे लोगों ने इसकी सूचना बीएसपी प्रबंधन को दी। सूचना मिलते ही कर्मचारी को एंबुलेंस से मेन मेडिकल पोस्ट पहुंचाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गेट पास और अन्य दस्तावेजों की जांच के दौरान पता चला कि मृतक एफएसएनएल की सिक्योरिटी एजेंसी के अधीन कार्यरत था।

पंचनामा और पुलिस कार्रवाई के बाद सौंपा जाएगा शव

घटना के बाद शव को जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र, सेक्टर-9 की मरच्यूरी में रखवाया गया। परिजन शव को जल्द सौंपने की मांग कर रहे थे, ताकि उसी दिन अंतिम संस्कार किया जा सके। हालांकि, बीएसपी प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि पंचनामा और आवश्यक पुलिस कार्रवाई के बिना शव नहीं सौंपा जा सकता। जानकारी के अनुसार, बुधवार को पोस्टमार्टम कराए जाने की संभावना जताई गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

परिवार को नियमानुसार मिलेंगी सुविधाएं

मृतक की मौत के बाद परिवार को मिलने वाली आर्थिक सहायता और अन्य सुविधाएं नियमानुसार प्रदान किए जाने की बात कही गई है। फिलहाल घटना की परिस्थितियों और मौत के वास्तविक कारणों को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।