सुपेला में चापड़ लहराकर दहशत फैलाने वाला गिरफ्तार, पुलिस ने मौके से दबोचा
चंद्रा-मौर्या चौक पर आम लोगों को डरा रहा था आरोपी, चापड़ जब्त कर आर्म्स एक्ट के तहत भेजा गया जेल।

भिलाई। दुर्ग के सुपेला थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले एक आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक धारदार लोहे का चापड़ बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि चंद्रा-मौर्या चौक के पास एक व्यक्ति हाथ में चापड़ लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही सुपेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राम सुखम पाल (57 वर्ष) निवासी कॉन्ट्रेक्टर कॉलोनी, होटल लोटस के पीछे, थाना सुपेला, जिला दुर्ग बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 500 रुपये कीमत का धारदार लोहे का चापड़ बरामद कर जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 947/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
