आईपीएल सट्टा और म्यूल अकाउंट गिरोह पर सुपेला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बैंक खाते बेचने वाला पांचवां आरोपी गिरफ्तार

आईपीएल सट्टा और म्यूल अकाउंट गिरोह पर सुपेला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बैंक खाते बेचने वाला पांचवां आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। आईपीएल सट्टा और म्यूल अकाउंट गिरोह के खिलाफ कार्रवाई जारी रखते हुए सुपेला पुलिस ने बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दुलेश्वर कुमार, निवासी आदर्श नगर, उतई, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस के अनुसार 24 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जगदलपुर निवासी कुछ लोग सुपेला क्षेत्र में आईपीएल सट्टा और म्यूल अकाउंट संचालन के लिए बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड और अन्य दस्तावेज बेचने आए हैं। सूचना के आधार पर पांच रास्ता हनुमान मंदिर ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर तीन आरोपियों को पकड़ा गया था।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे अपने और अन्य लोगों के बैंक खाते तथा व्यवसायिक खातों को सुपेला निवासी विशाल गुप्ता समेत अन्य लोगों को आईपीएल सट्टा और म्यूल अकाउंट संचालन के लिए उपलब्ध कराते थे। इसके बाद थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 718/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2), 318(4) और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। पहले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका था।

विवेचना के दौरान फरार चल रहे आरोपी दुलेश्वर कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अवैध रूप से बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड और अन्य बैंकिंग दस्तावेज उपलब्ध कराकर ऑनलाइन आईपीएल सट्टा और म्यूल अकाउंट नेटवर्क से आर्थिक लाभ कमा रहा था।

पुलिस ने बताया कि मामले में पहले ही बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड और अन्य बैंकिंग दस्तावेज जब्त किए जा चुके हैं। प्रकरण की आगे की विवेचना जारी है।