पारिवारिक विवादों को अदालत तक पहुंचने से पहले सुलझाने पर जोर, परामर्शदाताओं की भूमिका पर हुआ मंथन
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और दुर्ग पुलिस की संयुक्त कार्यशाला में न्यायिक अधिकारियों, कलेक्टर और एसएसपी ने रखे विचार, संवाद और आपसी समझ से परिवारों को टूटने से बचाने पर दिया जोर

दुर्ग। पारिवारिक विवादों के बढ़ते मामलों के बीच उन्हें आपसी संवाद, समझ और परामर्श के माध्यम से सुलझाने की दिशा में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं दुर्ग पुलिस ने संयुक्त पहल की है। इसी उद्देश्य से शुक्रवार को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय भवन दुर्ग के नवीन कॉन्फ्रेंस हॉल में 'परामर्श से समाधान' विषय पर विशेष क्षमता संवर्धन कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें न्यायिक अधिकारियों, जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने पारिवारिक विवादों के सौहार्दपूर्ण निराकरण में परामर्शदाताओं तथा परिवार परामर्श केंद्रों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि कई बार छोटी-छोटी गलतफहमियां और आपसी संवाद की कमी बड़े पारिवारिक विवादों का रूप ले लेती हैं। ऐसे मामलों में समय पर काउंसलिंग और उचित मार्गदर्शन से रिश्तों में आई दूरियां कम की जा सकती हैं।
कार्यशाला में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री विनोद कुमार कुजूर, प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय श्रीमती सुमन एक्का, सिविल जज वरिष्ठ श्रेणी श्रीमती कामिनी जायसवाल, कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
मुंशी प्रेमचंद की कहानी से समझाया काउंसलिंग का महत्व
कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने अपने संबोधन में मुंशी प्रेमचंद की कहानी का उदाहरण देते हुए पारिवारिक संबंधों में संवाद और आपसी समझ की अहमियत बताई। उन्होंने कहा कि कई बार परिवारों में परिस्थितियों और गलतफहमियों के कारण तनाव पैदा होता है। यदि समय रहते संबंधित पक्षों के बीच बातचीत कराई जाए और उन्हें उचित परामर्श मिले तो विवादों को गंभीर रूप लेने से रोका जा सकता है। काउंसलिंग का उद्देश्य केवल विवाद खत्म करना नहीं, बल्कि परिवार के सदस्यों के बीच आपसी विश्वास और रिश्तों को बनाए रखने में सहयोग करना भी है।
परिवार परामर्श केंद्रों की भूमिका महत्वपूर्ण : एसएसपी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग श्री विजय अग्रवाल ने पारिवारिक विवादों के निराकरण में पुलिस की संवेदनशील और जिम्मेदार भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि परिवार परामर्श केंद्रों के माध्यम से विवाद से जुड़े दोनों पक्षों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाता है। संवाद और आपसी सहमति के आधार पर समाधान तलाशने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने परामर्शदाताओं से ऐसे मामलों में धैर्य, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ काम करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि पारिवारिक मामलों में मानवीय दृष्टिकोण अपनाना बेहद जरूरी है।
न्यायिक व्यवस्था और परामर्श केंद्रों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री विनोद कुमार कुजूर ने अपने समापन उद्बोधन में कहा कि पारिवारिक विवादों के प्रभावी समाधान के लिए न्यायिक व्यवस्था और परामर्श केंद्रों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। परामर्श प्रक्रिया को प्रभावी बनाकर और संबंधित संस्थाओं के सामूहिक प्रयासों से विवादों के निराकरण में बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं। प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय श्रीमती सुमन एक्का ने पारिवारिक विवादों की संवेदनशीलता पर चर्चा करते हुए उचित मार्गदर्शन, आपसी समझ और परामर्श के माध्यम से समाधान तलाशने की आवश्यकता बताई। वहीं सिविल जज वरिष्ठ श्रेणी श्रीमती कामिनी जायसवाल ने कार्यशाला के उद्देश्य और विषय की जानकारी देते हुए परामर्शदाताओं की जिम्मेदारियों तथा प्रभावी काउंसलिंग की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
पुलिस परिवार परामर्श केंद्र की कार्यप्रणाली का दिया प्रस्तुतिकरण
कार्यशाला में पुलिस विभाग के परामर्शदाता ने दुर्ग पुलिस परिवार परामर्श केंद्र की कार्यप्रणाली और विवादों के निराकरण की प्रक्रिया पर प्रस्तुतीकरण दिया। इसमें बताया गया कि पारिवारिक विवादों के शुरुआती स्तर पर ही संबंधित पक्षों की समस्याओं को सुनकर बातचीत और आपसी सहमति से समाधान तलाशने का प्रयास किया जाता है। परामर्शदाताओं के अनुभव, कामकाज के तरीके और व्यावहारिक चुनौतियों पर भी चर्चा की गई।
न्यायपालिका, प्रशासन और पुलिस के बीच समन्वय से मिलेगा बेहतर परिणाम
कार्यशाला में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि पारिवारिक विवादों के समाधान के लिए न्यायिक व्यवस्था, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के बीच बेहतर तालमेल होना चाहिए। परिवार परामर्श केंद्रों को अधिक प्रभावी बनाने, परामर्शदाताओं की कार्यक्षमता बढ़ाने और संवेदनशील मामलों में मानवीय दृष्टिकोण अपनाने पर भी विचार-विमर्श हुआ।
कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायालय तथा कुटुंब न्यायालय के वरिष्ठ न्यायाधीशगण, कुटुंब न्यायालय के काउंसलर्स, दुर्ग पुलिस परिवार परामर्श केंद्र के परामर्शदाता और बाल कल्याण समिति के सदस्य शामिल हुए। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य पारिवारिक विवादों को संवाद, आपसी विश्वास और सहमति के आधार पर सुलझाने की व्यवस्था को मजबूत करना तथा परिवारों को टूटने से बचाने के प्रयासों को अधिक प्रभावी बनाना रहा।