अवैध शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, बाइक सहित माल जब्त

दुर्ग। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अंजोरा चौकी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से देसी मसाला शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक मोटरसाइकिल के जरिए अवैध शराब लेकर बिक्री के लिए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही अंजोरा पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान देवा बघेल (30 वर्ष) निवासी शिवपारा और कार्तिक यादव उर्फ बबल (25 वर्ष) निवासी राजीव नगर, दुर्ग के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 35 नग देसी मसाला शराब बरामद हुई। साथ ही परिवहन में इस्तेमाल की जा रही होंडा शाइन मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 33,500 रुपए बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पहले भी अवैध शराब के मामलों में संलिप्त रहे हैं। इस बार भी वे अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से शराब का परिवहन और बिक्री कर रहे थे। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।

