ब्रेस्ट कैंसर डिटेक्शन शिविर में 102 लोगों की जांच, 5 मामलों में शुरुआती संकेत मिले

ब्रेस्ट कैंसर डिटेक्शन शिविर में 102 लोगों की जांच, 5 मामलों में शुरुआती संकेत मिले

दुर्ग। पुलिस परिवार के स्वास्थ्य संरक्षण को ध्यान में रखते हुए रक्षित केन्द्र दुर्ग में ब्रेस्ट कैंसर डिटेक्शन शिविर का आयोजन किया गया। धन्वंतरी जन कल्याण समिति रायपुर के सहयोग से आयोजित इस शिविर में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिवार के कुल 102 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण और विशेषज्ञ परामर्श का लाभ लिया।

जांच के दौरान 5 महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर के शुरुआती लक्षण चिन्हित किए गए। सभी को तुरंत चिकित्सकीय परामर्श देकर आगे के उपचार के लिए मार्गदर्शन दिया गया। शिविर का फोकस साफ था, बीमारी को शुरुआती स्तर पर पकड़ना ताकि इलाज समय पर शुरू हो सके। इस मौके पर उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल ने कहा कि ड्यूटी के साथ स्वास्थ्य की देखभाल भी उतनी ही जरूरी है। उन्होंने नियमित जांच, संतुलित आहार और सक्रिय जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया। पुलिस अस्पताल दुर्ग के डॉ. सुधीर गांगेय ने ब्रेस्ट कैंसर की समय पर पहचान और तनावमुक्त जीवनशैली के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने महिलाओं को लक्षण, बचाव और उपचार के बारे में भी जागरूक किया।

कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अधिकारी और चिकित्सकों की टीम मौजूद रही। शिविर के जरिए न सिर्फ जांच हुई, बल्कि जागरूकता का भी एक मजबूत संदेश गया कि समय पर जांच कई गंभीर बीमारियों से बचा सकती है। कार्यक्रम में उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल, उप पुलिस अधीक्षक (लाईन) चंद्र प्रकाश तिवारी, रक्षित निरीक्षक नीलकंठ वर्मा उपस्थित रहे। साथ ही डॉ. सुधीर गांगेय (एम.डी. मेडिसिन), डॉ. सूर्यप्रकाश सक्सेना (जनरल सर्जरी), डॉ. रजनीश मल्होत्रा (पीडियाट्रिक), डॉ. अजय गोवर्धन (फिजिशियन), डॉ. ज्ञानेश मिश्रा (पीडियाट्रिक) एवं डॉ. पी.यू. प्रकाश सक्सेना (ऑन्कोलॉजिस्ट) की उपस्थिति में स्वास्थ्य परीक्षण एवं मार्गदर्शन सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी/कर्मचारी एवं पुलिस परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।