मालवाहक वाहनों में सवारी ढोने पर सख्ती, दुर्ग पुलिस ने की चालानी कार्रवाई

दुर्ग। सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस अब पूरी तरह एक्शन मोड में है। जिले में मालवाहक वाहनों में सवारी ले जाने के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें नियम तोड़ने वालों पर सख्त चालानी कार्रवाई की जा रही है।

यातायात पुलिस के अनुसार, शादी सीजन को देखते हुए ट्रक, पिकअप और अन्य मालवाहक वाहनों में लोगों को बैठाकर ले जाने की प्रवृत्ति बढ़ जाती है, जो गंभीर हादसों की वजह बन सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए पूरे जिले में विशेष निगरानी रखी जा रही है।

अभियान के तहत राष्ट्रीय और राज्य मार्गों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सघन चेकिंग की जा रही है। जांच के दौरान जहां भी मालवाहक वाहनों में अवैध रूप से सवारी ले जाते हुए पाया जा रहा है, वहां मोटर व्हीकल एक्ट के तहत तुरंत चालान किया जा रहा है।

इसके साथ ही यात्रियों को भी समझाइश दी जा रही है कि वे अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें और केवल सुरक्षित व अधिकृत वाहनों का ही उपयोग करें। पुलिस का कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही बड़े हादसे में बदल सकती है। इधर, ड्रंक एंड ड्राइव के मामलों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। ब्रेथ एनालाइजर के जरिए जांच कर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है, और जरूरत पड़ने पर मामला न्यायालय तक भी ले जाया जा रहा है।

