7 साल पुराने हत्या प्रयास मामले में 2 फरार आरोपी गिरफ्तार, ट्रक चालक पर किया था जानलेवा हमला

भिलाई। दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में वर्ष 2019 के हत्या प्रयास के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला ट्रांसपोर्ट नगर हथखोज स्थित बीईसी कंपनी गेट के सामने का है, जहां 20 अगस्त 2019 को ट्रक चालक प्यारेलाल यादव के साथ पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने बेरहमी से मारपीट की थी। आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए हाथ-मुक्कों और पत्थरों से हमला कर चालक को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। साथ ही उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।

घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे सत्य प्रकाश के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की थी, जिससे वह भी घायल हो गए थे। मामले में पीड़ित की शिकायत पर थाना पुरानी भिलाई में धारा 307, 294, 506, 323 और 34 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि अन्य आरोपी लगातार फरार चल रहे थे। पुलिस द्वारा लगातार तलाश के बाद 27 अप्रैल 2026 को फरार आरोपी लिगो बाघ और अशोक बेहरा को पकड़ लिया गया।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहे थे, लेकिन सतत पतासाजी के चलते उन्हें गिरफ्तार करने में सफलता मिली। इस कार्रवाई से मामले में अहम प्रगति हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। घटना का मुख्य कारण पुरानी रंजिश और आपसी विवाद बताया जा रहा है।

आरोपी का नाम :
1. लिगो बाघ, उम्र 30 वर्ष, निवासी बीईसी चौक, राजीव नगर उड़िया मोहल्ला, जामुल, जिला दुर्ग।
2. अशोक बेहरा, उम्र 29 वर्ष, निवासी बीईसी चौक, राजीव नगर उड़िया मोहल्ला, जामुल, जिला दुर्ग।

