भिलाई के बाद अब अहिवारा में फैला पीलिया

भिलाई के बाद अब अहिवारा में फैला पीलिया

दुर्ग। जिले के धमधा विकासखंड के अहिवारा के वार्ड क्रमांक 05, 06 और 07 में पीलिया (जॉन्डिस) के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और प्रभावित क्षेत्र में स्वास्थ्य टीम सक्रिय है। ज्ञात हो कि कुछ दिन पहले भिलाई के सेक्टर-7 में पीलिया का प्रकोप फैला था।

जानकारी के मुताबिक, 16 अप्रैल 2026 को पीलिया के मरीज मिलने की सूचना के बाद 17 अप्रैल को स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने लगभग 40 घरों का सर्वे किया, जिसमें कुल 06 मरीज पीलिया से प्रभावित पाए गए। सभी मरीजों का उपचार जारी है और उनकी हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्र से 07 पानी के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। साथ ही मरीजों की आवश्यक पैथोलॉजिकल जांच (CBP, LFT, RFT, Widal) कराई जा रही है। विभाग का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और घबराने की जरूरत नहीं है। 

पीलिया के लक्षण और सावधानी
पीलिया एक संक्रामक बीमारी है, जो दूषित पानी और भोजन के जरिए फैलती है। इसके लक्षणों में आंख और त्वचा का पीला पड़ना, गहरे रंग का पेशाब, भूख न लगना, उल्टी, कमजोरी और पेट दर्द शामिल हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि वे साफ पानी पिएं, स्वच्छता का ध्यान रखें और लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।