JEE Mains परीक्षा में नकल करते पकड़ा गया परीक्षार्थी, चप्पल में छिपाया था मोबाइल

भिलाई। परीक्षा में अनुचित साधनों का इस्तेमाल एक परीक्षार्थी को भारी पड़ गया। JEE Mains परीक्षा के दौरान नकल करते हुए एक युवक को पकड़कर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने चप्पल के अंदर मोबाइल फोन छिपाकर परीक्षा में इस्तेमाल करने की कोशिश की थी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 अप्रैल 2026 को ION Digital Zone, सिरसाकला स्थित पार्थिवी इंजीनियरिंग कॉलेज में JEE Mains की परीक्षा आयोजित की गई थी। प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान परीक्षार्थी आदित्य कुमार बायो ब्रेक के लिए वाशरूम गया था। वापस लौटने पर सुरक्षा जांच में उसकी गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। मेटल डिटेक्टर से जांच के दौरान सिक्योरिटी गार्ड को शक हुआ, जिसके बाद चप्पल की तलाशी ली गई। जांच में सामने आया कि चप्पल को काटकर उसके अंदर मोबाइल फोन छिपाया गया था।

घटना की सूचना मिलते ही वेन्यू कमांडिंग अधिकारी अजीत वर्मा ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद थाना पुरानी भिलाई पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 176/2026 के तहत छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम 2008 की धारा 09 में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी का विवरण:
आदित्य कुमार (20 वर्ष), निवासी मस्तान पारा, सुकमा
