नृत्यधाम कला समिति के आयोजन में कथक, भरतनाट्यम और कुचिपुड़ी की प्रस्तुतियों ने बटोरीं तालियां

नृत्यधाम कला समिति के आयोजन में कथक, भरतनाट्यम और कुचिपुड़ी की प्रस्तुतियों ने बटोरीं तालियां

भिलाई। सेक्टर-4 स्थित एसएनजी स्कूल में नृत्यधाम कला समिति की ओर से आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में शास्त्रीय नृत्य की मनमोहक छटा देखने को मिल रही है। कार्यक्रम में प्रतिभागी अपनी नृत्य प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। कथक, भरतनाट्यम और कुचिपुड़ी जैसी भारतीय शास्त्रीय नृत्य शैलियों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

मंच पर कलाकारों ने भाव-भंगिमाओं, पद संचालन और लय-ताल के सुंदर समन्वय से अपनी कला का परिचय दिया। हर प्रस्तुति में कलाकारों की मेहनत, साधना और अभ्यास की झलक दिखाई दी। विशेष रूप से शास्त्रीय नृत्य की पारंपरिक मुद्राओं और भावपूर्ण अभिव्यक्ति ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया। आयोजन के माध्यम से भारतीय शास्त्रीय नृत्य परंपरा को मंच प्रदान करने के साथ ही नई पीढ़ी की प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है।