कवच की बैठक में तय हुआ सांस्कृतिक कैलेंडर, बच्चों-युवाओं के लिए होंगी कार्यशालाएं

भिलाई। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कला-साहित्य अकादमी, छत्तीसगढ़ (कवच) की विशेष बैठक भिलाई स्थित एक कॉफी हाउस में आयोजित की गई। बैठक में आने वाले महीनों में होने वाले साहित्यिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। बैठक की शुरुआत महिला शक्ति को नमन करते हुए की गई। अध्यक्ष शक्ति चक्रवर्ती और कार्यकारी अध्यक्ष मणिमय मुखर्जी ने कहा कि समाज के सांस्कृतिक और साहित्यिक विकास में महिलाओं की भूमिका हमेशा प्रेरणादायी रही है।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 20 मार्च को बच्चों और युवाओं के लिए थिएटर कार्यशाला, 23 मार्च को शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के शहादत दिवस पर विचार गोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसके अलावा 27 मार्च को विश्व रंगमंच दिवस, 3 अप्रैल को हिंदी रंगमंच दिवस, 29 अप्रैल को इंटरनेशनल डांस डे, 9 मई को रवीन्द्रनाथ ठाकुर जयंती और 21 जून को वर्ल्ड म्यूजिक डे पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अकादमी ने यह भी तय किया कि नाट्य प्रस्तुतियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए फेसबुक लाइव के माध्यम से प्रसारित किया जाएगा। इस दौरान राजेश जैन ने “वॉयस ऑफ छत्तीसगढ़” के फेसबुक चैनल से निःशुल्क प्रसारण का प्रस्ताव भी रखा। इसके साथ ही ग्रीष्मकालीन अवकाश में बच्चों और युवाओं के लिए संगीत, नृत्य, नाटक, साहित्य और चित्रकला की कार्यशालाएं आयोजित करने पर भी सहमति बनी। बैठक में सुमिता बासु पाटिल, अमृता सान्याल, समीर चक्रवर्ती, बबलू विश्वास, सिद्धार्थ चक्रवर्ती, पराग सेनगुप्ता, गोकुल वर्मा, फरीदी निसार, तुहिनाद्रि सान्याल, वेदप्रकाश चौधरी, जयप्रकाश नायर, प्रदीप मित्रा, राजेश जैन, शांतनु दासगुप्ता और अन्य सदस्य मौजूद रहे।