पेट्रोल-डीजल का अवैध कारोबार का पर्दाफाश, फैक्ट्री से 47,700 लीटर ईंधन जब्त

महासमुंद। पुलिस और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में पेट्रोल-डीजल के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। कार्रवाई के दौरान ग्राम घोड़ारी स्थित बालाजी फर्सी फैक्ट्री से भारी मात्रा में पेट्रोल और डीजल जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार सूचना मिलने पर महासमुंद पुलिस और साइबर टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। जांच में फैक्ट्री से कुल 47,700 लीटर पेट्रोल-डीजल बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 45 लाख 22 हजार 130 रुपये बताई जा रही है।

बताया गया कि फैक्ट्री का संचालन फर्सी पत्थर उद्योग के नाम पर किया जा रहा था, लेकिन इसी के आड़ में बड़े पैमाने पर ईंधन की हेराफेरी और अवैध भंडारण किया जा रहा था। पुलिस को मौके पर 20 बड़े ड्रम और सिनटेक्स टैंक में पेट्रोल-डीजल भरा मिला। कार्रवाई के दौरान राहुल यादव, ओमप्रकाश उर्फ कालिया, उमेश साहू, सुशंक च्वाईसी, शिवानंद और बिट्टु कुमार सिंह सहित छह आरोपियों को हिरासत में लिया गया। आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन और नगदी भी जब्त की गई।

जांच में सामने आया कि आरोपी सड़क पर चलने वाले ट्रक ड्राइवरों से कम कीमत पर पेट्रोल-डीजल खरीदते थे और दूसरे ड्राइवरों को अधिक कीमत पर बेचकर मोटा मुनाफा कमा रहे थे। जप्त सामग्री में 10,120 लीटर पेट्रोल, 37,580 लीटर डीजल, तीन टैंकर और अन्य उपकरण शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम और बीएनएस की धारा 287 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध पेट्रोल-डीजल कारोबार और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है, और सभी थाना प्रभारियों को सख्त निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।