भीषण सड़क हादसा: हाईवा–ट्रेलर की टक्कर के बाद लगी आग, एक ड्राइवर की जिंदा जलकर मौत, दूसरे ने कूदकर बचाई जान

भीषण सड़क हादसा: हाईवा–ट्रेलर की टक्कर के बाद लगी आग, एक ड्राइवर की जिंदा जलकर मौत, दूसरे ने कूदकर बचाई जान

रायगढ़। जिले में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार हाईवा और ट्रेलर के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसा घरघोड़ा थाना क्षेत्र में घरघोड़ा से कुडुमकेला मार्ग पर कुरकुट नाला के पास हुआ।

मिली जानकारी के मुताबिक दोपहर करीब 1 बजे टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कुछ ही मिनटों में दोनों गाड़ियों के केबिन आग की लपटों में घिर गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आग तेजी से फैली और केबिन में फंसे ड्राइवर बाहर नहीं निकल सके।

प्रारंभिक सूचना में एक चालक के जिंदा जलने से मौत की बात सामने आई है। दूसरे चालक की स्थिति को लेकर फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि आग पूरी तरह बुझने और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कोशिश शुरू की। आसपास के लोग भी मदद के लिए पहुंचे, लेकिन आग इतनी भयानक थी कि किसी को बचाने का मौका नहीं मिल सका।

DSP सुशांतो बनर्जी के मुताबिक, एक ट्रक जामपाली माइंस से बालोद रेल्वे साइडिंग तक कोयला लेकर जा रही थी। दूसरी ट्रक में सरिया लोड था। वह बालोद से जामपाली की ओर जा रही थी। दोनों गाड़ियों के ड्राइवरों ने पहले गाड़ी निकालने के चक्कर में आमने सामने टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि, कुछ ही मिनटों में दोनों गाड़ियों में आग लग गई। दोनों वाहनों के ड्राइवर केबिन में अंदर फंस गए थे। उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।