बीजापुर मुठभेड़ में 5 नक्सली ढेर, 4 दिन में 214 ठिकाने ध्वस्त

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच बड़ी मुठभेड़ हुई है। जंगल क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई में पांच नक्सली मारे गए हैं। जानकारी के मुताबिक, सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों ने फायरिंग शुरू की। इसके बाद सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से चली गोलीबारी में पांच नक्सली ढेर हो गए।

बीजापुर में पिछले चार दिनों से लगातार ऑपरेशन चल रहा है। इस दौरान सुरक्षाबलों ने 214 नक्सली ठिकानों और बंकरों को ध्वस्त किया है। भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री भी जब्त की गई है। कार्रवाई में 450 IED, 818 BGL शेल, 899 बंडल कोडेक्स, डेटोनेटर और अन्य विस्फोटक बरामद हुए हैं। साथ ही करीब 12 हजार किलो खाद्य सामग्री भी मिली है, जिसका इस्तेमाल नक्सली लंबे समय तक जंगल में ठहरने के लिए करते थे।

पुलिस के अनुसार इलाके में बड़े नक्सली लीडरों की मौजूदगी की सूचना के आधार पर सर्चिंग अभियान और तेज कर दिया गया है। केंद्र सरकार ने मार्च 2026 तक नक्सलवाद खत्म करने का लक्ष्य तय किया है। इसी समय सीमा के बीच चल रहे सघन अभियान में चार शीर्ष कमांडर समेत करीब 300 नक्सली सुरक्षाबलों के निशाने पर हैं। प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के जिन चार केंद्रीय समिति सदस्यों की तलाश है, उनमें मिसिर बेसरा उर्फ भास्कर, देवजी उर्फ कुंभा दादा उर्फ चेतन, रामन्ना उर्फ गणपति उर्फ लक्ष्मण राव और मल्लाह राजा रेड्डी उर्फ सागर शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक देवजी और केसा सोढ़ी की मौजूदगी की खुफिया सूचना के बाद छत्तीसगढ़–तेलंगाना सीमा पर अभियान और तेज किया गया है।
