NH पर शराब पीकर दौड़ा रहा था लोडेड हाइवा, इंटरसेप्टर टीम ने पकड़ा, कोर्ट ने ₹15 हजार का लगाया जुर्माना

भिलाई। राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार और नशे में ड्राइविंग का मामला सामने आया है। यातायात पुलिस की इंटरसेप्टर टीम ने एक लोडेड हाइवा को खतरनाक ढंग से चलाते हुए पकड़ा।

18 फरवरी 2026 को रायपुर–दुर्ग नेशनल हाईवे पर पेट्रोलिंग के दौरान सुपेला क्षेत्र के पास एक हाइवा वाहन CG 07 CF 6324 तेज गति से लहराते हुए चलता दिखाई दिया। वाहन की रफ्तार और तरीका ऐसा था कि आसपास के वाहन चालकों और राहगीरों की जान जोखिम में पड़ सकती थी।

टीम ने तुरंत पीछा किया और नेहरू नगर गुरुद्वारा चौक के पास वाहन को सुरक्षित रोका। जांच के दौरान चालक का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट किया गया, जिसमें उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। यातायात पुलिस ने चालक के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 185 और 184 के तहत मामला दर्ज किया। वाहन जब्त कर प्रकरण न्यायालय में पेश किया गया। कोर्ट ने मामले को गंभीर मानते हुए चालक पर 15 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग की अपील की है।