दुर्ग में 1.19 करोड़ की एनपीएस बीमा ठगी का खुलासा: जिंदा लोगों को मृत बताकर निकाली राशि, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग में 1.19 करोड़ की एनपीएस बीमा ठगी का खुलासा: जिंदा लोगों को मृत बताकर निकाली राशि, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। पाटन थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय पेंशन योजना यानी NPS से जुड़ी एक बड़ी बीमा ठगी का खुलासा हुआ है। आरोप है कि जिंदा लोगों को कागजों में मृत दिखाकर करीब 1 करोड़ 19 लाख रुपये की राशि निकाल ली गई।

मामले की शिकायत HDFC Life Insurance Company के बोकारो स्थित प्रबंधक ने की थी। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र, आधार और अन्य केवाईसी दस्तावेजों के जरिए मृत्यु दावा पेश किया। एक सेवानिवृत्त कर्मचारी के नाम पर भी दावा लगाया गया, जबकि वह व्यक्ति जीवित मिला।

पुलिस के मुताबिक, दुर्ग के बोरसी निवासी 44 वर्षीय राजेश कनोजिया, जो ऑनलाइन सेवा केंद्र चलाता है, एनपीएस निकासी के नाम पर लोगों से आधार, पैन और बैंक की जानकारी लेता था। इन्हीं दस्तावेजों का दुरुपयोग कर फर्जी कागजात तैयार किए गए और दावा राशि निकाली गई।

जांच में यह भी पता चला कि कई मृत्यु प्रमाण पत्रों में एक ही पता दर्ज था, क्यूआर कोड अमान्य थे और संदिग्ध बैंक खातों के माध्यम से लेनदेन किया गया। मामले में कंपनी के पूर्व कर्मचारी राजेश कुमार ठाकुर की भूमिका भी सामने आई है। आरोप है कि उसने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए फर्जी दस्तावेज अपलोड किए और सत्यापन प्रक्रिया को नजरअंदाज किया।

पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। उसके पास से 10 हजार रुपये नगद और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए हैं। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पाटन थाना में अपराध क्रमांक 74/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।