शिवजी की बारात में विवाद के बाद युवक की हत्या: दुर्ग पुलिस ने 7 आरोपियों को किया गिरफ्तार

शिवजी की बारात में विवाद के बाद युवक की हत्या: दुर्ग पुलिस ने 7 आरोपियों को किया गिरफ्तार

दुर्ग। मोहन नगर थाना क्षेत्र में शिवजी की बारात के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुरानी रंजिश को लेकर हुए झगड़े में एक युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

घटना 16 फरवरी की है। शांति नगर निवासी शिव कुमार गोड के पुत्र क्षय कुमार गोड उर्फ नानू शिवजी की बारात देखने शक्ति नगर क्षेत्र गया था। इसी दौरान कुछ युवकों से पुरानी बात को लेकर विवाद हुआ। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया और आरोपियों ने धारदार हथियार से प्राणघातक वार कर दिया।

गंभीर रूप से घायल युवक को सिकोला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मोहन नगर थाना में अपराध क्रमांक 134/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 और 3(5) के तहत जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने विशेष टीम गठित की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर अलग-अलग स्थानों से घेराबंदी कर हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते हमला करना स्वीकार किया।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी जब्त कर लिया है। सभी सात आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

आरोपी का नाम :

1. करण उर्फ बाटा, निवासी शक्ति नगर, दुर्ग

2. मनीष देशमुख उर्फ पाडू, निवासी शक्ति नगर, दुर्ग

3. अश्वनीद चंद्राकर, निवासी शक्ति नगर, दुर्ग

4. आशीष चतुर्वेदी उर्फ मोनू, निवासी शक्ति नगर, दुर्ग

5. शुभम देवांगन उर्फ राजा, निवासी शक्ति नगर, दुर्ग

6. जितेश वर्मा उर्फ पोगो, निवासी शक्ति नगर, दुर्ग

7. आदित्य सेन उर्फ ब्राण्डेड, निवासी शक्ति नगर, दुर्ग