जिस बहन पर था भाई की मौत का दुख, वही निकली कातिल, लोढ़े से सिर कुचलकर की हत्या

गोड़पेण्ड्री गांव में 40 वर्षीय धर्मेन्द्र पाल की हत्या से मचा हड़कंप, पहले अज्ञात हमलावर की कहानी बताई, पूछताछ में बहन धन्नी धनकर ने कबूला जुर्म; हत्या में इस्तेमाल लोढ़ा बरामद।

जिस बहन पर था भाई की मौत का दुख, वही निकली कातिल, लोढ़े से सिर कुचलकर की हत्या

दुर्ग। शराब की लत से परेशान एक बहन ने अपने ही भाई की जान ले ली। मामला दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र के ग्राम गोड़पेण्ड्री का है, जहां 40 वर्षीय धर्मेन्द्र पाल की हत्या के मामले में पुलिस ने चंद घंटों के भीतर उसकी 34 वर्षीय बहन धन्नी धनकर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला ने सीलबट्टे के लोढ़े से भाई के सिर और बाईं आंख के ऊपर जानलेवा हमला किया था। इस वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई है।

घर में मिली भाई की लाश, सिर पर थे गंभीर चोट के निशान

जानकारी के मुताबिक, 14 नवंबर 2026 को उतई पुलिस को ग्राम गोड़पेण्ड्री में एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां 40 वर्षीय धर्मेन्द्र पाल का शव मिला। मृतक के सिर और बाईं आंख के ऊपर गंभीर चोट के निशान पाए गए। शुरुआती जांच में किसी ठोस वस्तु से हमला किए जाने की आशंका सामने आई।

बहन ने बताई अज्ञात हमलावर की कहानी

पुलिस के अनुसार, शुरुआत में मृतक की बहन और सूचनाकर्ता धन्नी धनकर ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा भाई पर हमला किए जाने की बात बताई थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया। घटनास्थल के हालात और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को देखते हुए हत्या की आशंका हुई। इसके बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पूछताछ में खुल गया हत्या का राज

विवेचना के दौरान पुलिस ने मृतक की बहन धन्नी धनकर से पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने भाई की हत्या करना स्वीकार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि वह भाई की शराब पीने की आदत से परेशान थी। इसी बात को लेकर उसने सीलबट्टे के लोढ़े से भाई के सिर पर हमला कर दिया।

हत्या में इस्तेमाल लोढ़ा बरामद

आरोपी महिला की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया सीलबट्टा यानी लोढ़ा जब्त कर लिया है। पुलिस ने 34 वर्षीय धन्नी धनकर को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।