अयोध्या जाएंगे पाटन के 45 श्रद्धालु, सांसद विजय बघेल से लिया आशीर्वाद
सांसद विजय बघेल और उनकी पत्नी रंजनी बघेल ने तिलक लगाकर व पुष्पमाला पहनाकर किया स्वागत, सुखद एवं मंगलमय यात्रा की दी शुभकामनाएं

भिलाई। अयोध्या में भगवान श्रीरामलला के दर्शन की अभिलाषा लेकर पाटन विधानसभा क्षेत्र के 45 श्रद्धालुओं का जत्था रवाना होने से पहले दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल के सेक्टर-5 स्थित निवास पहुंचा। यहां सभी श्रद्धालुओं ने सांसद विजय बघेल एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती रंजनी बघेल से मुलाकात कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने सभी श्रद्धालुओं का तिलक लगाकर एवं पुष्पमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने सभी को रामलला के दर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह आप सभी का सौभाग्य है कि प्रभु श्रीराम के दर्शन का पुण्य अवसर प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कामना की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का भी सभी श्रद्धालुओं को शुभाशीष प्राप्त हो।
सांसद ने कहा कि प्रभु श्रीराम सभी को मानव सेवा और समाज सेवा करने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने श्रद्धालुओं से कहा कि भगवान श्रीराम का आशीर्वाद लेकर सकुशल वापस लौटें और समाज में सेवा एवं सद्भाव का संदेश फैलाएं। इस दौरान सांसद विजय बघेल ने छठ महापर्व का उल्लेख करते हुए कहा कि आज लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा का भी पावन अवसर है। वे सुबह चार बजे से ही विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर छठी मैया का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे थे। उन्होंने कामना की कि छठी मैया की कृपा सभी श्रद्धालुओं और उनके परिवारों पर सदैव बनी रहे। अंत में सांसद एवं उनकी धर्मपत्नी ने सभी 45 श्रद्धालुओं की यात्रा सुखद, मंगलमय और सफल होने की कामना की।