1.5 लाख की रिश्वत लेकर शराब आरोपियों को छोड़ा! प्रशिक्षु SI समेत 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड
जांजगीर-चांपा SP विजय पांडेय की बड़ी कार्रवाई, जांच में रकम के लेन-देन की पुष्टि; सभी निलंबित पुलिसकर्मियों का मुख्यालय रक्षित केंद्र निर्धारित

जांजगीर-चांपा। शराब तस्करी के आरोपियों को कथित तौर पर रिश्वत लेकर छोड़ने के मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस विभाग में बड़ी कार्रवाई हुई है। पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय ने सारागांव थाना में पदस्थ प्रशिक्षु उप निरीक्षक समेत छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित पुलिसकर्मियों में एक प्रशिक्षु एसआई, एक प्रधान आरक्षक और चार आरक्षक शामिल हैं। इन पर आबकारी एक्ट के मामले में पकड़े गए आरोपियों से रकम का लेन-देन कर उन्हें छोड़ने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर 2026 को इस मामले में 1.5 लाख रुपये लेकर शराब के आरोपियों को छोड़ने संबंधी खबर प्रकाशित हुई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी विजय पांडेय ने नगर पुलिस अधीक्षक जांजगीर से जांच कराई। जांच में 4 नवंबर 2026 को आबकारी एक्ट की धारा 36 (च) के तहत दर्ज प्रकरण में आरोपी गोपाल गोंड़ से पुलिसकर्मियों द्वारा रकम के लेन-देन की बात सामने आई। जांच रिपोर्ट में प्रशिक्षु उप निरीक्षक पुष्पेन्द्र साहू, प्रधान आरक्षक अर्जुन जांगड़े और आरक्षक दीपक सिंह, शंकर जयकिशन, सुनील रमन तथा गोवर्धन टाईगर की भूमिका संदिग्ध पाई गई। जांच में प्रथम दृष्टया इन पुलिसकर्मियों के बीच रकम के लेन-देन के आरोप प्रमाणित पाए गए। इसके बाद एसपी ने सभी छह पुलिसकर्मियों को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया।
इन छह पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज
निलंबित पुलिसकर्मियों में प्रशिक्षु उप निरीक्षक पुष्पेन्द्र साहू, प्रधान आरक्षक क्रमांक 361 अर्जुन जांगड़े, आरक्षक क्रमांक 22 दीपक सिंह, आरक्षक क्रमांक 05 शंकर जयकिशन, आरक्षक क्रमांक 495 सुनील रमन और आरक्षक क्रमांक 11 गोवर्धन टाईगर शामिल हैं। ये सभी सारागांव थाने में पदस्थ थे। निलंबन अवधि के दौरान सभी पुलिसकर्मियों का मुख्यालय रक्षित केंद्र जांजगीर निर्धारित किया गया है।
थाने का कामकाज प्रभावित न हो, इसलिए नई पदस्थापना
छह पुलिसकर्मियों के निलंबन के बाद सारागांव थाने में कामकाज प्रभावित न हो, इसके लिए एसपी विजय पांडेय ने तत्काल नई पदस्थापना के आदेश भी जारी किए हैं। रक्षित केंद्र में पदस्थ प्रधान आरक्षक समेत पांच पुलिसकर्मियों को सारागांव थाने में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।