इबोला वायरस का खतरा, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, अस्पताल में मॉक ड्रिल से परखी गई तैयारियां


दुर्ग। इबोला वायरस के संभावित खतरे को देखते हुए दुर्ग जिला स्वास्थ्य विभाग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। विश्व स्तर पर इबोला वायरस के प्रसार की स्थिति को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने 12 नवंबर को जिला अस्पताल दुर्ग में विशेष मॉक ड्रिल का आयोजन किया। इस दौरान संदिग्ध इबोला मरीज की पहचान से लेकर उसके उपचार, आइसोलेशन, सैंपल कलेक्शन और परिवहन तक की पूरी प्रक्रिया का परीक्षण किया गया। मॉक ड्रिल के जरिए यह जानने की कोशिश की गई कि यदि जिले में इबोला संक्रमण का कोई संदिग्ध मामला सामने आता है, तो स्वास्थ्य विभाग कितनी तत्परता से उससे निपट सकता है।
राज्य और जिला स्तर के स्वास्थ्य अधिकारी रहे मौजूद
मॉक ड्रिल में राज्य स्तर से डॉ. खेमराज सोनवानी, उप संचालक एवं राज्य सर्विलेंस अधिकारी (IDSP), डॉ. माधवी, AIIMS रायपुर तथा डॉ. चयानिका, राज्य एंटोमोलॉजिस्ट उपस्थित रहीं। वहीं जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी के निर्देशन में जिला सर्विलेंस अधिकारी डॉ. सी.बी.एस. बंजारे, सिविल सर्जन डॉ. अशिष कुमार मिश्रा, डॉ. आलोक रामटेके, डॉ. आर.के. महोत्रा, डॉ. पूजा वर्मा, डॉ. अंकिता रावत, डॉ. उन्नयन साहू और डॉ. सरीन चेटर्जी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
संदिग्ध मरीज मिलने पर क्या होगा? पूरी प्रक्रिया का परीक्षण
मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि इबोला संक्रमण का कोई संदिग्ध मरीज सामने आने पर स्वास्थ्य विभाग की पूरी व्यवस्था किस तरह काम करेगी। इसमें संदिग्ध मरीज की पहचान, प्रारंभिक चिकित्सकीय जांच, सुरक्षित आइसोलेशन, उपचार की व्यवस्था, नमूना संग्रहण, सैंपल को निर्धारित केंद्र तक सुरक्षित पहुंचाने और संबंधित अधिकारियों को समय पर रिपोर्टिंग करने की प्रक्रिया को परखा गया।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और त्वरित कार्रवाई की क्षमता का भी आकलन किया।
इबोला से बचाव के लिए विशेष PPE किट जरूरी
मॉक ड्रिल के दौरान आइसोलेशन सेंटर में संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (Personal Protective Equipment) की उपलब्धता पर विशेष जोर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग ने इबोला संक्रमण से निपटने के लिए विशेष इबोला-विषिष्ट PPE किट सहित अन्य जरूरी चिकित्सा सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने की आवश्यकता बताई।
दरअसल, इबोला जैसे गंभीर संक्रामक रोगों के संदिग्ध मरीजों का उपचार करते समय स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा बेहद महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और उनके सही इस्तेमाल की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करना जरूरी है।
पहले से तैयारी, ताकि आपात स्थिति में न हो परेशानी
स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य केवल मॉक ड्रिल आयोजित करना नहीं, बल्कि आपातकालीन स्थिति में अस्पताल की वास्तविक तैयारियों की कमियों को पहचानना और उन्हें समय रहते दूर करना है। मरीज की पहचान से लेकर आइसोलेशन, सैंपल परिवहन और रिपोर्टिंग तक हर स्तर पर व्यवस्था को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।