पुरानी रंजिश ने लिया खूनी रूप, चंदू देवांगन की हत्या के मामले में 10 आरोपी गिरफ्तार

राजीव नगर में विवाद के बाद धारदार हथियार से किया हमला, कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर 8 बालिग और 2 विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा

पुरानी रंजिश ने लिया खूनी रूप, चंदू देवांगन की हत्या के मामले में 10 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। शहर के राजीव नगर में पुरानी रंजिश को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मारपीट और धारदार हथियार से किए गए हमले में चंदू उर्फ चंदन प्रसाद देवांगन की मौत हो गई। घटना के बाद दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में 8 बालिग आरोपियों और 2 विधि से संघर्षरत बालकों सहित कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 9 नवंबर 2026 की रात राजीव नगर निवासी समारू राम देवांगन ने थाना सिटी कोतवाली में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के मुताबिक मृतक चंदू उर्फ चंदन प्रसाद देवांगन का आरोपियों के साथ पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया और एकजुट होकर मृतक पर हमला कर दिया। इस दौरान मारपीट के साथ धारदार हथियार से भी हमला किया गया, जिससे चंदन प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8 बालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों में पंकज ठाकुर (28), निखिल ठाकुर (20), खूबलाल ठाकुर उर्फ छोटी (22), संगीता ठाकुर (35), पुष्पा ठाकुर (30), योगिता ठाकुर (18), संदीप ठाकुर (42) और सत्या साहू (18) शामिल हैं। सभी आरोपी वार्ड क्रमांक 4, राजीव नगर, दुर्ग के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने थाना सिटी कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 61(2), 191(1), 191(2) और 331(8) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। सभी आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।