आस्था, श्रद्धा और लोकमंगल का महापर्व है छठ: देवेंद्र यादव

भिलाई नगर विधायक ने विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर दिया डूबते सूर्य को अर्घ्य, व्रतियों से मिलकर लिया आशीर्वाद

आस्था, श्रद्धा और लोकमंगल का महापर्व है छठ: देवेंद्र यादव

भिलाई। लोक आस्था, सूर्य उपासना और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का महापर्व छठ पूजा भिलाई में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव शहर के विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचे और श्रद्धालुओं के बीच शामिल होकर पूजा-अर्चना की।

विधायक देवेंद्र यादव ने सेक्टर-2, छावनी, खुर्सीपार और रामनगर सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों के छठ घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश और शहरवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने छठ व्रत कर रही माताओं और बहनों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया तथा सभी को महापर्व की शुभकामनाएं दीं।

इस मौके पर विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, विश्वास, त्याग और समर्पण का प्रतीक है। यह पावन पर्व हमें प्रकृति और जीवन के आधार सूर्यदेव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की सीख देता है। छठी मैया की आराधना में व्रतियों की कठिन तपस्या, नियम-निष्ठा और अटूट विश्वास सभी के लिए प्रेरणादायक है।

उन्होंने कहा कि छठ पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे और पारिवारिक संस्कारों को मजबूत करने वाला महापर्व भी है। इस पर्व में जाति और वर्ग की सीमाएं समाप्त हो जाती हैं तथा पूरा समाज एकजुट होकर श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में सहभागी बनता है।

अंत में विधायक ने छठी मैया और सूर्यदेव से कामना की कि सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे तथा भिलाई सहित पूरा छत्तीसगढ़ खुशहाल और समृद्ध हो।