श्रीराम चौक से गांजा बेचने की फिराक में आरोपी दबोचा, 2.2 किलो गांजा के साथ युवक गिरफ्तार, 1.70 लाख का माल जब्त

भिलाई। दुर्ग पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 किलो 200 ग्राम गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी श्रीराम चौक, हुडको इलाके में गांजा बेचने की फिराक में घूम रहा था।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 9 फरवरी 2026 को थाना भिलाई नगर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक काले बैग में गांजा रखकर स्कूटी से क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना भिलाई नगर और ACCU की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी।

दबिश के दौरान संदिग्ध को पकड़कर तलाशी ली गई। उसके पास से 2 किलो 200 ग्राम गांजा, बिक्री की रकम 10,800 रुपये और परिवहन में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी बरामद की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1 लाख 70 हजार 800 रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सौरभ दीक्षित (21 वर्ष) के रूप में हुई है। वह कोहका क्षेत्र का रहने वाला है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 78/2026 के तहत धारा 20(B) और 27(a) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक कार्रवाई के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।