प्रतिबंधित गुटखा-तंबाकू के खिलाफ सघन अभियान, स्कूलों के आसपास पान ठेलों की जांच

दुर्ग। जिले में प्रतिबंधित गुटखा और तंबाकू उत्पादों की बिक्री, भंडारण और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी के मार्गदर्शन में खाद्य एवं औषधि विभाग लगातार सघन अभियान चला रहा है।

इसी कड़ी में विभागीय टीम ने पाटन नगर पंचायत क्षेत्र में विभिन्न विद्यालयों के आसपास स्थित पान ठेलों का निरीक्षण किया। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 और विनियम 2011 के तहत की गई जांच में निरीक्षित फर्मों में जर्दायुक्त गुटखा नहीं पाया गया।

अभिहीत अधिकारी खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बताया कि गुटखा और तंबाकू उत्पादों के सेवन से कैंसर, हृदय रोग और श्वसन संबंधी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ता है। यही वजह है कि राज्य में इन उत्पादों के विक्रय और भंडारण पर प्रतिबंध लगाया गया है।
अभियान के दौरान दुकानदारों और आम नागरिकों को नियमों की जानकारी दी जा रही है। साथ ही तंबाकू मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।