मोटरसाइकिल चोर गिरोह पकड़ा गया, 4 वारदातों का खुलासा, पार्ट्स बेचने की थी तैयारी

भिलाई। सुपेला पुलिस ने रेकी कर मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चार वारदातों को अंजाम देना कबूल किया है। पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया है।

10 फरवरी 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि तीन युवक सुपेला चौक के पास मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बेरोजगारी का हवाला देते हुए सूने स्थानों की रेकी कर वाहनों का लॉक तोड़कर चोरी करना और उनके पार्ट्स अलग-अलग बेचने की तैयारी करना स्वीकार किया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी की घटनाओं के लिए अपनी बजाज पल्सर 150 (CG-07-LZ-3570) का इस्तेमाल करते थे। इस बाइक को वे वारदात स्थल से कुछ दूरी पर खड़ा कर देते थे ताकि शक न हो।
आरोपियों ने जिन मोटरसाइकिलों की चोरी करना कबूला, उनमें शामिल हैं -
-
स्प्लेंडर प्लस (CG-07-AB-0301) - सेक्टर-09 हनुमान मंदिर पार्किंग
-
HF डीलक्स (CG-08-FH-4814) - जेल तिराहा, पद्मनाभपुर
-
CD डीलक्स (CG-07-AD-2703) - चंद्र-मौर्या पार्किंग, सुपेला
-
HF डीलक्स (CG-07-BT-4322) - आकाशगंगा हिमालय कॉम्प्लेक्स, सुपेला
प्रकरण में थाना सुपेला के अपराध क्रमांक 201/2026 एवं 206/2026 के तहत धारा 303(2), 112(2), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि गिरोह से और पूछताछ की जा रही है, ताकि अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सके।
आरोपी का विवरण :
1. अब्दुल वाजिद अली, उम्र 21 वर्ष, निवासी संग्राम चौक, थाना छावनी
2. मोहम्मद मुबारक, उम्र 22 वर्ष, निवासी अर्जुन नगर कैंप-01, थाना छावनी
3. अमित प्रजापति, उम्र 35 वर्ष, निवासी रावण भांठा, सुपेला