सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते दो युवक गिरफ्तार, आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज

सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते दो युवक गिरफ्तार, आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज

नारायणपुर। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ नारायणपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने दोनों अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर शराब सेवन से संबंधित सामग्री भी जब्त की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देशन में जिले में अवैध शराब और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 21 नवंबर को पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बखरूपारा डिपो मैदान और फॉरेस्ट डिपो मेन गेट के पास कुछ लोग खुलेआम शराब पी रहे हैं।

सूचना पर थाना प्रभारी रामनरेश गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों स्थानों पर पहुंचकर कार्रवाई की।

पहले मामले में बखरूपारा डिपो मैदान के पास 19 वर्षीय ओमप्रकाश नुरेटी, निवासी बखरूपारा को सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते पाया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से विदेशी शराब की एक खाली बोतल, डिस्पोजल और पानी की बोतल जब्त की। इस मामले में अपराध क्रमांक 116/2026 के तहत धारा 36(च) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम में प्रकरण दर्ज किया गया।

वहीं, दूसरे मामले में फॉरेस्ट डिपो मेन गेट के पास 20 वर्षीय राकेश मण्डावी, निवासी बखरूपारा को शराब पीते पकड़ा गया। उसके पास से विदेशी शराब का एक खाली पौवा और डिस्पोजल जब्त किया गया। पुलिस ने अपराध क्रमांक 117/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) में मामला दर्ज किया है।