सट्टा खाईवाल गिरफ्तार, बनियापारा में दबिश देकर पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ा

धमतरी पुलिस अवैध गतिविधियों पर लगातार शिकंजा कस रही है। इसी कड़ी में सिटी कोतवाली पुलिस ने सट्टा जुआ खिलाने वाले एक खाईवाल को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई बनियापारा क्षेत्र में की गई, जहां आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा गया।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस टीम पेट्रोलिंग पर थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि बनियापारा में एक व्यक्ति अवैध रूप से सट्टा जुआ संचालित कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत योजना बनाकर बताए गए स्थान पर घेराबंदी की और दबिश दी।

दबिश के दौरान आरोपी दिनेश ढीमर उर्फ चिकु (40 वर्ष), निवासी बनियापारा, को मौके पर ही लोगों से पैसे लेकर सट्टा खिलाते हुए पकड़ा गया। आरोपी अंकों के आधार पर दांव लगवा रहा था और सट्टा पट्टी लिख रहा था।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1000 रुपये नकद, तीन सट्टा पट्टियां और एक डॉट पेन जब्त किया। जब्त सट्टा पट्टियों में अलग-अलग नामों के सामने रुपये-पैसे अंकित पाए गए, जो सट्टा गतिविधि का स्पष्ट प्रमाण है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6(क) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। बाद में आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
