सूने मकान को बनाया निशाना, 1.60 लाख की चोरी का फरार आरोपी गिरफ्तार

सूने मकान को बनाया निशाना, 1.60 लाख की चोरी का फरार आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। लंबे समय से बंद मकान की रेकी कर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के एक फरार आरोपी को उतई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अजय धनकर (19 वर्ष), निवासी कचरू नगर, ग्राम डुण्डेरा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 16 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।

मामला ग्राम डुण्डेरा के कचरू नगर स्थित एक सूने मकान का है। मकान मालिक आनंदु सुकुमारन विदेश में रहते हैं और परिवार के अन्यत्र रहने के कारण मकान लंबे समय से बंद था। इसी का फायदा उठाकर आरोपियों ने 7 और 8 अक्टूबर की दरम्यानी रात मकान के पीछे स्थित किचन का दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया।

आरोपी घर से एलईडी टीवी, लैपटॉप, फ्रिज, वाशिंग मशीन, पंखे, घरेलू सामान, सोने-चांदी के आभूषण और महत्वपूर्ण दस्तावेज समेत करीब 1 लाख 60 हजार रुपये की संपत्ति चोरी कर ले गए थे। मामले में 9 अक्टूबर को शिकायत मिलने पर उतई पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पहले ही तीन वयस्क आरोपियों और दो अपचारी बालकों के खिलाफ कार्रवाई की थी। चोरी का सामान खरीदने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की गई। वहीं, फरार चल रहे अजय धनकर की तलाश जारी थी। आखिरकार पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

बंद मकानों की करते थे रेकी

पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले ऐसे मकानों की रेकी करते थे, जो लंबे समय से बंद रहते थे। इसके बाद रात के अंधेरे में पीछे का दरवाजा तोड़कर घर में घुसते और कीमती सामान चोरी कर अलग-अलग लोगों को बेच देते थे। बिक्री से मिली रकम आपस में बांटकर खर्च कर देते थे।

इस प्रकरण की पूर्ववर्ती कार्रवाई में पुलिस ने चोरी का सामान और बिक्री से प्राप्त 58,500 रुपये दुरपत धनकर के घर से बरामद किए थे। फिलहाल फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की कार्रवाई पूरी हुई है।