भिलाई में खंडहर बना नशे के कारोबार का ठिकाना, 2 लीटर प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ युवक गिरफ्तार
सिविक सेंटर के जयंती स्टेडियम तालाब के पास पुलिस की दबिश, 20 शीशियां बरामद, आरोपी को भेजा जेल

भिलाई। शहर के सिविक सेंटर क्षेत्र में खंडहर को नशीली कफ सिरप के अवैध कारोबार का ठिकाना बनाया गया था। जयंती स्टेडियम तालाब के पास स्थित एक खंडहर में नशीली कफ सिरप रखकर बिक्री किए जाने की सूचना पर भिलाई नगर पुलिस ने दबिश दी। पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से प्रतिबंधित कफ सिरप की 20 शीशियां बरामद की हैं। जब्त सिरप की कुल मात्रा 2 लीटर और कीमत 23 हजार 530 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिविक सेंटर सेक्टर-6 स्थित जयंती स्टेडियम तालाब के पास एक खंडहर में युवक नशीली कफ सिरप बिक्री के लिए रखे हुए है। सूचना मिलते ही भिलाई नगर पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही सागर कंडरा उर्फ मग्गा (26 वर्ष), निवासी गांधी चौक, भिलाई को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से Codeine Phosphate एवं Chlorpheniramine Maleate युक्त प्रतिबंधित कफ सिरप की 20 शीशियां मिलीं। प्रत्येक शीशी 100 एमएल की थी। इस तरह कुल 2000 एमएल यानी 2 लीटर सिरप जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 23,530 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8 एवं 21(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। बाद में न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
दुर्ग पुलिस ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों और प्रतिबंधित नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से ऐसे कारोबार की सूचना हेल्पलाइन नंबर 94791 51513 पर देने की अपील की है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।