सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता, जंगल में छिपाकर रखे 711 बीजीएल सेल बरामद
ताड़ापाला के केजी हिल्स में संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान मिला विस्फोटकों का जखीरा, नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों ने नक्सलियों द्वारा जंगल में छिपाकर रखे गए 711 बीजीएल (बैरल ग्रेनेड लॉन्चर) सेल बरामद किए हैं। भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री की बरामदगी से सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की नक्सलियों की एक बड़ी साजिश नाकाम हो गई है।
जानकारी के अनुसार, जिला पुलिस बीजापुर को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि उसूर थाना क्षेत्र के ताड़ापाला इलाके में माओवादियों ने सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के इरादे से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री छिपाकर रखी है। सूचना के आधार पर जिला पुलिस बीजापुर, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 196वीं वाहिनी और 204 कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
ताड़ापाला FOB से 1.5 किलोमीटर दूर मिला जखीरा
5 नवंबर 2026 को सुरक्षा बलों की टीम ताड़ापाला एफओबी (FOB) से लगभग 1.5 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम दिशा में केजी हिल्स की पहाड़ियों के आसपास सर्चिंग कर रही थी। इसी दौरान जवानों को जंगल में छिपाकर रखे गए 711 बीजीएल सेल का जखीरा मिला। बरामद विस्फोटक सामग्री को सुरक्षा मानकों और निर्धारित नियमों का पालन करते हुए जवानों ने सुरक्षित कब्जे में ले लिया।
सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की थी आशंका
आशंका जताई जा रही है कि माओवादी इस विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल अपने कैंपों या सुरक्षा बलों के गश्ती दलों पर हमले के लिए कर सकते थे। समय रहते विस्फोटक सामग्री की बरामदगी से नक्सलियों की संभावित हमले की योजना को बड़ा झटका लगा है।