सिर पर धारदार हथियार से कई वार, एक पैर कटा मिला, किसान की निर्मम हत्या से सनसनी

सिर पर धारदार हथियार से कई वार, एक पैर कटा मिला, किसान की निर्मम हत्या से सनसनी

बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के शिकारपुर थाना क्षेत्र के रानाइच गांव में गुरुवार सुबह किसान लालाराम की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया। उनका शव घर के पास गांव के मुख्य रास्ते पर क्षत-विक्षत हालत में मिला। सिर पर धारदार हथियार से कई वार के निशान बताए गए हैं, जबकि शव के पास उनका एक पैर कटा हुआ मिला। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक मृतक के पुत्र ने अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस घटना के पीछे की वजह और हत्या में शामिल लोगों की पहचान के लिए आसपास के लोगों तथा परिजनों से पूछताछ कर रही है।