पंचायत की बैठक में सचिव से मारपीट, जान से मारने की धमकी देकर भवन में की तोड़फोड़, आरोपी पंच गिरफ्तार

पंचायत की बैठक में सचिव से मारपीट, जान से मारने की धमकी देकर भवन में की तोड़फोड़, आरोपी पंच गिरफ्तार

दुर्ग। ग्राम पंचायत की सामान्य बैठक के दौरान पंचायत संबंधी लेनदेन की जानकारी मांगने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक पंच ने पंचायत सचिव के साथ गाली-गलौज और मारपीट कर दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने सचिव को जान से मारने की धमकी देते हुए पंचायत भवन में भी तोड़फोड़ की। मामला दुर्ग जिले के जामगांव आर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कुम्हली का है। पुलिस ने आरोपी पंच मोगन सपहा (30 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

सरपंच के आने पर जानकारी देने की बात से भड़का विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 को ग्राम पंचायत कुम्हली में सामान्य बैठक आयोजित की गई थी। बैठक के दौरान पंचायत के लेनदेन से संबंधित जानकारी मांगी गई। इस पर पंचायत सचिव अरुण कुमार निर्मलकर ने सरपंच के आने के बाद जानकारी उपलब्ध कराने की बात कही। इसी बात को लेकर पंचायत के पंच मोगन सपहा ने विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि उसने सचिव के साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट कर उन्हें चोट पहुंचाई।

पंचायत भवन के दरवाजे में की तोड़फोड़

आरोप है कि सचिव से मारपीट करने के बाद मोगन सपहा ने पंचायत भवन में भी तोड़फोड़ की। उसने सरपंच-सचिव कक्ष के दरवाजे पर लात मारी और वहां रखे खराब सबमर्सिबल मोटर पंप का इस्तेमाल कर दरवाजे को नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद पंचायत सचिव अरुण कुमार निर्मलकर ने जामगांव आर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता और लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

3 नवंबर को आरोपी गिरफ्तार

मामले की जांच के दौरान जामगांव आर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 नवंबर 2026 को आरोपी मोगन सपहा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ग्राम कुम्हली का ही निवासी है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, पंचायत की सामान्य बैठक के दौरान हुए विवाद में सचिव से मारपीट, धमकी और शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में यह कार्रवाई की गई है।

आरोपी का नाम

मोगन सपहा, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम कुम्हली, थाना जामगांव आर, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़)।