पाहंदा तालाब में डूबे भिलाई के युवक का शव SDRF ने कड़ी मशक्कत के बाद निकाला
नहाने के दौरान पैर फिसलने से गहरे पानी में चला गया था युवक, अमलेश्वर पुलिस को सौंपा गया शव

दुर्ग। थाना अमलेश्वर क्षेत्र के ग्राम पाहंदा स्थित तालाब में डूबे युवक का शव SDRF दुर्ग की टीम ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला। मृतक की पहचान भिलाई कैंप-2 के शारदा पारा निवासी अश्वनी विश्वकर्मा (32) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार अश्वनी विश्वकर्मा पाहंदा तालाब में नहाने गया था। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह तालाब के गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की सूचना मिलने के बाद जिला सेनानी, नगर सेना, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं दुर्ग को जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही SDRF दुर्ग की रेस्क्यू टीम आवश्यक जीवन रक्षक उपकरणों के साथ मौके के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद टीम के गोताखोरों ने तालाब के गहरे पानी में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने युवक को पानी में तलाश कर बाहर निकाला। हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद शव को मर्ग पंचनामा एवं आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए अमलेश्वर थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
