सड़क पर फर्नीचर रखकर कारोबार करना पड़ा महंगा, निगम ने सामान किया जब्त
सुपेला मजार के सामने नवीन पानी टंकी के पास कार्रवाई, दुकानदारों को सड़क बाधित नहीं करने की चेतावनी

भिलाईनगर। सार्वजनिक सड़क पर फर्नीचर और अन्य सामान रखकर व्यवसाय करने वाले दुकानदारों के खिलाफ नगर पालिक निगम भिलाई ने कार्रवाई की। निगम आयुक्त सुरुचि सिंह के निर्देश पर जोन-1 नेहरू नगर क्षेत्र में निगम की राजस्व एवं बेदखली टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क पर रखे सामान को हटवाया और उसे जब्त किया।
कार्रवाई सुपेला मजार के सामने नवीन पानी टंकी के पास की गई। निगम के अनुसार यहां कुछ दुकानदारों द्वारा अपनी दुकानों का फर्नीचर और अन्य सामान सड़क पर रखकर व्यवसाय किया जा रहा था। इससे सड़क का एक हिस्सा बाधित हो रहा था और राहगीरों तथा वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सड़क पर सामान फैलाए जाने से यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी।
शिकायत और मौके की स्थिति को संज्ञान में लेते हुए जोन-1 की राजस्व विभाग एवं बेदखली टीम ने स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क बाधित कर रखे गए फर्नीचर और अन्य सामान को हटवाकर जब्त करने की कार्रवाई की गई।
दुकानदारों को दी चेतावनी
निगम की टीम ने दुकानदारों को स्पष्ट समझाइश दी कि सार्वजनिक सड़क और आवागमन वाले स्थान पर किसी भी प्रकार का सामान रखकर व्यवसाय न करें। निगम अधिकारियों ने कहा कि सड़क आम नागरिकों के आवागमन के लिए है। सड़क पर अतिक्रमण कर व्यवसाय करने अथवा यातायात में बाधा उत्पन्न करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि दोबारा सड़क बाधित कर व्यवसाय करते पाए जाने पर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान जोन-1 राजस्व विभाग, बेदखली टीम और पुलिस प्रशासन की मौजूदगी रही। निगम ने शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमणमुक्त बनाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही।
