पारिवारिक विवाद के बीच जेठ पर गलत नीयत का आरोप, खनिज विभाग का आरक्षक गिरफ्तार

महिला की शिकायत पर कुम्हारी पुलिस ने BNS की धारा 74 में दर्ज किया मामला, कोर्ट से मिली जमानत

पारिवारिक विवाद के बीच जेठ पर गलत नीयत का आरोप, खनिज विभाग का आरक्षक गिरफ्तार

भिलाई। कुम्हारी थाना क्षेत्र में चल रहे पारिवारिक विवाद के बीच एक महिला ने अपने जेठ पर गलत नीयत रखने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर कुम्हारी पुलिस ने मनीष सेन (35) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को जमानत मिल गई।

बताया जा रहा है कि मनीष सेन दुर्ग खनिज विभाग में आरक्षक के पद पर कार्यरत है। पुलिस के अनुसार महिला की शादी करीब पांच वर्ष पहले हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। पिछले कुछ समय से महिला और उसके पति के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था।

इसी विवाद के बीच महिला ने करीब दो दिन पहले अपने पति, सास, ससुर और जेठ के खिलाफ महिला थाने में दहेज प्रताड़ना और पारिवारिक प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया।

इसके बाद महिला ने अपने जेठ मनीष सेन के खिलाफ गलत नीयत रखने का आरोप लगाते हुए अलग शिकायत की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू की और आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 74 के तहत अपराध दर्ज करते हुए गिरफ्तारी की। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जमानत मिल गई।