पता पूछने के बहाने राहगीर को घेरा, धमकी देकर मोबाइल-पर्स लूटा

पुरानी भिलाई में वारदात के बाद फरार थे तीनों, पुलिस ने छावनी क्षेत्र से 2 आरोपियों को पकड़ा; नाबालिग भी अभिरक्षा में

पता पूछने के बहाने राहगीर को घेरा, धमकी देकर मोबाइल-पर्स लूटा

भिलाई। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में रात के समय राहगीर को पता पूछने के बहाने रोककर धमकाने और मोबाइल व पर्स लूटने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए तीन मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत करीब 1.25 लाख रुपये बताई गई है।

पता पूछने के बहाने रोका

पुलिस के मुताबिक 13 सितंबर की रात करीब 8:45 बजे भिलाई-3 निवासी सुरेन्द्र कुमार बघेल घर से टहलने निकले थे। वह नेशनल हाईवे की सर्विस रोड से होते हुए बिजली ऑफिस के पास पहुंचे थे।

इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन युवक उनके पास पहुंचे और पता पूछने के बहाने बातचीत शुरू कर दी। कुछ देर बाद तीनों ने उन्हें घेर लिया और मोबाइल फोन देने के लिए कहा।

प्रार्थी ने मोबाइल देने से इनकार किया तो आरोपियों ने कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी और जबरदस्ती मोबाइल फोन व पर्स छीन लिया। इसके बाद तीनों मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद प्रार्थी ने थाना पुरानी भिलाई में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 510/2026 के तहत BNS की धारा 309(4) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

छावनी क्षेत्र में घेराबंदी कर पकड़ा

घटना के बाद पुरानी भिलाई पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान थाना पुरानी भिलाई और थाना छावनी की संयुक्त टीम ने लगातार पतासाजी की।

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए संजय देवांगन (25), निवासी मिलन चौक, संतोषी पारा, थाना छावनी और साहिल चेलक (19), निवासी करुणा अस्पताल के पास, थाना छावनी को पकड़ा। इनके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। नाबालिग के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई।

तीन मोबाइल और बाइक बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

Vivo V27 मोबाइल कीमती करीब ₹35,000

Samsung मोबाइल कीमती करीब ₹20,000

T-Pel C मोबाइल कीमती करीब ₹20,000

Hero मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 CY 9369 कीमती करीब ₹50,000

पुलिस के मुताबिक बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब ₹1.25 लाख है।

राहगीरों को निशाना बनाने का तरीका

पुलिस जांच के अनुसार आरोपी मोटरसाइकिल से घूमते थे और राहगीरों को पता पूछने के बहाने रोकते थे। बातचीत के दौरान उन्हें घेरकर मोबाइल और अन्य सामान मांगा जाता था। विरोध करने पर धमकी देकर सामान छीनने के बाद आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो जाते थे।

कार्रवाई में थाना पुरानी भिलाई के निरीक्षक विजय यादव, उप निरीक्षक प्रमोद सिन्हा और सहायक उप निरीक्षक हिरामन रामटेके सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।